
मेदिनीनगर: पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में एक बेहद अजीबोगरीब घटना सामने आई है। मंगलवार रात के अंधेरे में बाइक से लौट रहे 28 वर्षीय युवक को गोली लग गई। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को मौके पर इसका अहसास तक नहीं हुआ। जब कपड़े से खून रिसने लगा, तब उसे गोली लगने की बात समझ में आई। फिलहाल घायल का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर तफ्तीश में जुट गई है।
अंधेरे में चली गोली, साहित्य समाज चौक पर दिखा खून
लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी जितेंद्र पासवान बैरिया स्थित एक आर्किटेक्ट कार्यालय से काम निपटाकर अपनी मोटरसाइकिल से जेलहाता ओवरब्रिज के पास से गुजर रहा था। सेंट्रल जेल के दूसरे गेट के समीप उसने पटाखा या गोली जैसा धमाका तो सुना, लेकिन अंधेरा होने के कारण कुछ समझ नहीं पाया। जब वह अपने किराये के कमरे के पास साहित्य समाज चौक पहुंचा, तो पेट से तेज खून बहता देख सन्न रह गया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
निशाना चूकने की आशंका, पुलिस जता रही संदेह
पीड़ित जितेंद्र के मुताबिक, उसकी बाइक के आगे एक स्कूटी चल रही थी। आशंका है कि अपराधियों ने निशाना किसी और पर साधा था, जो चूककर उसे लग गया। दूसरी ओर, पुलिस इस बयान को पूरी तरह सच मानने से इनकार कर रही है। सदर एसडीपीओ राजेश यादव के अनुसार, वारदात और अस्पताल में भर्ती होने के समय में करीब एक घंटे का अंतर है, जबकि घटनास्थल से आवास और अस्पताल की दूरी महज कुछ ही मिनटों की है।
इन मुख्य बिंदुओं पर पुलिस कर रही जांच
घटना मंगलवार शाम लगभग 8:30 बजे की है, जबकि युवक 9:30 बजे के बाद अस्पताल पहुंचा। क्या गोली वाकई किसी और को निशाना बनाकर चलाई गई थी या विवाद की वजह कुछ और है? घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
Read Also: *Palamu Crime: बाइक से जा रहे युवक को पेट में लगी गोली, उसे पता भी नहीं चला, खून निकलने पर हुआ अहसास, मामला संदिग्ध*

