
Jamshedpur : ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर टेल्को बारी नगर स्थित मदरसा तनवीरुल इस्लाम के तत्वावधान में बुधवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस के मौके पर निकाले गए जुलूस में मदरसा के शिक्षक-विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
जुलूस में टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद, जिला पार्षद डॉ. परितोष सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन, केंद्रीय शांति समिति के सदस्य नंदलाल सिंह, रियाजुद्दीन खान, ओमप्रकाश उपाध्याय, पीके दास, आमिर अली अंसारी, शाहिद परवेज, आमिर सोहेल, मौलाना जियाउल्लाह, सोहेल खान उर्फ राजू खान, उत्तरी घोड़ाबांदा पंचायत के मुखिया छोटा टुडू, शांति समिति के सदस्य साजिद खान, निसार खान, सोनू खान, मोहम्मद आलम ताज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
टेल्को मस्जिद के पास हुआ स्वागत
आयोजकों की ओर से टेल्को मस्जिद के समक्ष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अतिथियों एवं प्रमुख लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सभी ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और मुंह मीठा कराया। जुलूस में शामिल लोगों के बीच लड्डू का वितरण भी किया गया।
इसके बाद जुलूस टेल्को डबल रोड होते हुए एन टाइप इमामबाड़ा पहुंचा। यहां इमामबाड़ा कमेटी की ओर से जुलूस की रहबरी कर रहे उलेमा-ए-कराम, थाना प्रभारी और शांति समिति के वरिष्ठ सदस्यों का अंगवस्त्र देकर अभिनंदन किया गया।
फातिहा के बाद लंगर का वितरण
जुलूस आगे बढ़ते हुए टेल्को खड़ंगाझाड़ चौक पहुंचा, जहां फातिहाख्वानी की गई और लंगर का वितरण किया गया। इसके बाद जुलूस धातकीडीह स्थित समापन स्थल पहुंचा। यहां लोगों ने नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, भाईचारे एवं खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं।

