
चाईबासा : पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश के मौके पर बुधवार को चाईबासा और चक्रधरपुर में जश्न-ए-ईद-मिलादुन्नबी धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला और एक-दूसरे को गले मिलकर पर्व की मुबारकबाद दी।
चाईबासा में बड़ी बाजार स्थित रजा-ए-मदीना मस्जिद के मुतवल्ली अख्तर आलम की सरपरस्ती में यह जुलूस सुबह 9 बजे निकाला गया। परंपरा के अनुसार, शहर में यह मोहम्मदिया जुलूस पिछले 28 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है।
प्रमुख मार्ग और सामूहिक दुआ
रजा-ए-मदीना मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए यशोदा सिनेमा हॉल और शाहिद पार्क के रास्ते सदर थाना पहुंचा। वहां से वापसी करते हुए जुलूस पुन: बड़ी बाजार पहुंचा, जहां उलेमाओं की मौजूदगी में देश में अमन-चैन के लिए सामूहिक दुआ मांगी गई और इसके साथ ही जुलूस का समापन हुआ।
बच्चों और युवाओं में दिखा उत्साह
जुलूस में शामिल लोग “सरकार की आमद मरहबा” के नारे लगा रहे थे। बुजुर्गों के साथ-साथ बच्चे भी हाथों में रंग-बिरंगे मोहम्मदी झंडे थामे चल रहे थे। इस आयोजन में बरकंदाज टोली, मस्जिद मोहल्ला, मेन रोड, कुरैशी मोहल्ला, असरा मस्जिद चौक, साहिल चौक, हिंद चौक, नया कॉलोनी, नीचे टोला, मदरसा अनवारुल उलूम, गरीब कॉलोनी, ईदगाह, गौश नगर हड्डी गोदाम और हनीफ कंपनी चौक के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्वागत स्टॉल और शांति व्यवस्था
जुलूस के दौरान शहर में जगह-जगह खिचड़ा, शरबत, मिठाई, चाय-कॉफ़ी और ठंडे पेय पदार्थों के स्टॉल लगाए गए थे। आयोजन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में अख्तर आलम, मीर जहांगीर, समीर अहमद, महबूब आलम, शाहबाज अहमद और मो. असलम ने अहम भूमिका निभाई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओ संजय कुमार, सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी और मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार अपने बल के साथ मुस्तैद रहे।
चक्रधरपुर में भी दिखा भव्य नजारा
इधर, चक्रधरपुर में भी जश्न-ए-मोहम्मदी पूरी भव्यता के साथ मनाया गया। बांग्लाटांड़, दंदासाई, कोलसाई, अंसारनगर, मोजाहिद नगर, पुराना वार्ड नंबर 10, लोको, चांदमारी, पोटका और देवगांव समेत विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोगों ने धार्मिक झंडों के साथ जुलूस निकाला।तय मार्गों से होते हुए सभी जुलूस पवन चौक पहुंचे और अंत में उर्दू टाउन स्कूल के प्रांगण में एकत्र हुए, जहां सामूहिक दुआ के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान मो. अहमद, मो. राजू, मो. हुसैन और मो. तारिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। असलम चौक पर खिचड़ा और पापड़हाता में लड्डू का वितरण किया गया। चक्रधरपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे, जहां थाना प्रभारी अवधेश कुमार और अंचलाधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ विभिन्न चौराहों पर तैनात रहे।

