
चाईबासा : रांजाबुरु अयस्क खदान में जारी विरोध-प्रदर्शन के दौरान हाईवा चालक के साथ हुई हिंसक मारपीट के मामले में गुवा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त झामुमो कार्यकर्ता वृंदावन गोप के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बुधवार को उसे चाईबासा जेल भेज दिया।
रोजगार समझौते को लेकर चल रहा है आंदोलन
स्थानीय लोगों को रोजगार देने और पूर्व में तय समझौते को लागू करने की मांग को लेकर रांजाबुरु माइंस में 10 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन चल रहा है। इसी आंदोलन के दौरान स्थिति बेकाबू हो गई और हिंसा भड़क उठी।
चालकों पर जानलेवा हमला, एक की हालत गंभीर
‘मां सरला’ नामक निजी कंपनी के घायल हाईवा चालक रविंद्र पासवान के अनुसार, खदान में बंदी के बावजूद कंपनी के सुपरवाइजर ने चालकों को लौह अयस्क (Iron Ore) की ढुलाई के लिए माइंस भेज दिया था। आरोप है कि इसी दौरान उग्र आंदोलनकारियों के झुंड ने लाठी-डंडों और पत्थरों से चालकों पर हमला बोल दिया।
गंभीर रूप से घायल
मुख्य पीड़ित रविंद्र पासवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार सेल गुवा अस्पताल के बाद बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर रेफर किया गया है।दो अन्य घायल चालकों का इलाज गुवा सेल अस्पताल में जारी है। हमले के दौरान अपनी जान बचाने के लिए कई चालक चलती गाड़ियों से कूदकर आसपास के जंगलों व झाड़ियों में भाग खड़े हुए।
पुलिस की कार्रवाई और आगामी कदम
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित चालक का बयान दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई शुरू की।
गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read Also Chaibasa News : शोध और सामाजिक कार्य में ज्ञान प्रबंधन बेहद जरूरी : डॉ. तरवेज आलम

