
Jamshedpur : टाटा वर्कर्स यूनियन के कर्मचारियों के लंबित ग्रेड रिवीजन पर बुधवार को समझौता हो गया। टाटा वर्कर्स यूनियन कॉन्फ्रेंस हॉल में दोपहर 12:15 बजे आयोजित बैठक में यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महासचिव सतीश कुमार सिंह, सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे समेत अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौते के तहत वेज रिवीजन की अवधि सात वर्ष निर्धारित की गई है। कर्मचारियों को ग्रेड रिवीजन के तहत न्यूनतम 5,050 और अधिकतम 7,060 प्रतिमाह की बढ़ोतरी मिलेगी। यह समझौता 1 जनवरी 2025 से प्रभावी होगा और कर्मचारियों को एरियर का भुगतान भी किया जाएगा।
समझौते में मिनिमम ग्रांटेड बेनिफिट को 1,500 से बढ़ाकर 3,060 तक किया गया है।
ट्रांसपोर्ट अलाउंस में भी बढ़ोतरी की गई है। इसे 1,350 से बढ़ाकर 2,100 तथा 1,450 से बढ़ाकर 2,200 किया गया है। हाउस रेंट अलाउंस 1,100 से बढ़ाकर 1,550 किया गया है।
इसी तरह एजुकेशन अलाउंस 500 प्रति बच्चे से बढ़ाकर 1,000 प्रति बच्चा किया गया है। मेंटेनेंस अलाउंस की राशि 500 से बढ़ाकर 950 तथा 550 से बढ़ाकर 1,000 की गई है। मोबाइल एवं इंटरनेट अलाउंस 250 से बढ़ाकर 400 और वॉशिंग अलाउंस 500 से बढ़ाकर 1,250 किया गया है।
समझौते में पहली बार फोर-व्हीलर के लिए ट्रांसपोर्ट अलाउंस में नई बढ़ोतरी की गई है। 1 सितंबर 2026 से यह राशि 100 की अतिरिक्त बढ़ोतरी के साथ 2,300 होगी। कर्मचारियों को टू-व्हीलर अथवा फोर-व्हीलर में से किसी एक का ही लाभ मिलेगा।
एचटीसी की राशि में भी वृद्धि की गई है। 14,000 और 18,000 की मौजूदा राशि को बढ़ाकर क्रमशः 24,800 और 28,800 किया गया है।
समझौते के बाद यूनियन कर्मचारियों ने अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महासचिव सतीश कुमार सिंह, सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे समेत सभी पदाधिकारियों को बेहतर ग्रेड रिवीजन समझौते के लिए बधाई और धन्यवाद दिया।
बैठक में यूनियन के उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, संजीव तिवारी, राजीव कुमार चौधरी, सहायक सचिव अजय कुमार चौधरी, श्याम बाबू सहित यूनियन के कर्मचारी मौजूद थे।

