Home » SIR-2026: वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने का मौका, 15 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन

SIR-2026: वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने का मौका, 15 सितंबर तक जमा होंगे आवेदन

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उपायुक्त ने की बैठक, बीएलओ-2 के लिए जारी किए निर्देश

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एसआईआर-2026 के तहत बीएलओ-2 द्वारा जमा किए जाने वाले प्रपत्रों, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 की प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाना जरूरी है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बीएलओ-2 द्वारा आवेदन जमा करने से संबंधित नियमों की जानकारी दी।

बीएलओ-2 के लिए क्या हैं नए निर्देश?

-प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद बीएलओ-2 प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन पत्र संबंधित बीएलओ को जमा कर सकेंगे। इसके साथ निर्धारित घोषणा पत्र भी देना होगा, जिसमें आवेदन पत्रों के स्वयं सत्यापन और जानकारी सही होने की पुष्टि करनी होगी।

– यदि कोई बीएलओ-2 पूरी पुनरीक्षण अवधि में 30 से अधिक आवेदन जमा करता है, तो संबंधित आवेदनों का भौतिक या व्यक्तिगत सत्यापन निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) द्वारा किया जाएगा।

– दावा-आपत्ति अवधि में थोक में प्रपत्र प्राप्त होने पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल द्वारा नियुक्त बीएलओ-2 को लिखित घोषणा देनी होगी कि आवेदन पत्रों में दर्ज जानकारी का सत्यापन कर लिया गया है।

– जिस मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल ने बीएलओ-2 नियुक्त नहीं किया है, उसके संबंधित व्यक्ति पुनरीक्षण अवधि में आवेदन पत्र जमा नहीं कर सकेंगे।

-आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

 पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक करने की अपील

उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म-6 भरने और जमा करने हेतु जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, इसके लिए राजनीतिक दलों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।

उन्होंने प्रतिनिधियों से एसआईआर-2026 की प्रक्रिया में सहयोग करते हुए पात्र नागरिकों तक सही जानकारी पहुंचाने और निर्वाचन प्रक्रिया को सुगम एवं पारदर्शी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

बैठक में ईआरओ सह एसडीएम धालभूम, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, अपर उपायुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Read also – Jamshedpur News : मुआवजे पर मंत्री के दावे से उठे सवाल, MGM अस्पताल के RTI जवाब में भुगतान लंबित होने का जिक्र

Related Articles

Leave a Comment