
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की याद में हर साल की तरह इस वर्ष भी मंगलवार को सारंडा के सलाई और गोईलकेरा के डेरवां चौक स्थित शहीद वेदी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने शहीद वेदी पर पहुंचकर विधिवत नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की और वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। दोनों नेताओं ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी
इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को केवल श्रद्धांजलि देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्होंने जिस उद्देश्य के लिए संघर्ष किया और अपनी कुर्बानी दी, उसे याद रखना और आगे बढ़ाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन हक और अधिकारों के लिए हमारे लोगों ने आंदोलन किया और अपनी जान दी, उस लड़ाई को आगे ले जाने के लिए सभी को एकजुट होकर संकल्प लेना होगा। जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद ने सभी समुदायों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की
सांसद ने समाज के सभी समुदायों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि एकजुट रहकर ही अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों की रक्षा की जा सकती है।
जल, जंगल और जमीन से ही हमारा अस्तित्व- विधायक जगत माझी
वहीं विधायक जगत माझी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन से ही हमारा अस्तित्व है और इसकी रक्षा करना हमारा धर्म है। यहां रहने वाले लोगों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना और जल, जंगल, जमीन पर उनका अधिकार सुनिश्चित कराना हमारी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में इनकी रहीं उपस्थित
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, संजीव गंताइत, राजू सिंह, विक्रम सिंह, किशोर कुमार खलखो, चंचल रवानी, सुखराम सांडिल, बामिया माझी, मोहम्मद तबारक, सुखमती कोड़ा, जानकी हेम्ब्रम, निखिल साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

