
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा में मंगलवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के निधन पर शोक एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित इस सभा में कुलपति सहित विश्वविद्यालय के सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उपस्थित होकर स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. डॉ अंजिला गुप्ता ने कहा हमने एक दूरदर्शी एवं संवेदनशील नेता को खो दिया है। स्वर्गीय सुदिव्य कुमार अपने साथ नई सोच, नए विचार और विकास की अनेक संभावनाए लेकर आए थे। उनका असमय निधन न केवल झारखंड के लिए, बल्कि शिक्षा, समाज और सार्वजनिक जीवन के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। उनके विचारों और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को सदैव याद किया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के निधन से झारखंड ने एक ऐसे युवा नेतृत्व को खो दिया है, जिसकी सोच और कार्यशैली में समाज के विकास के लिए नई दृष्टि थी। उनकी स्मृतियाँ और उनके द्वारा किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सभा का वातावरण अत्यंत भावुक एवं शोकाकुल रहा।
Read Also Chaibasa News : पुराना गोईलकेरा के सरना नाला पुलिया से नीचे गिरा डामर लदा हाईवा, चालक बाल-बाल बचा

