
Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-1 में गुरुवार रात पुराने विवाद को लेकर मो. कैफ नामक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उसके सिर पर चापड़ (धारदार हथियार) से तड़ातड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए। आनन-फानन में परिजन घायल कैफ को एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे टीएमएच रेफर कर दिया है।
साथी को बचाने गया था कैफ, हमलावरों ने सिर पर किया वार
परिजनों के मुताबिक, मो. कैफ विदेश जाने की तैयारी में जुटा था। गुरुवार रात करीब 10 बजे दिलरैज नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर कैफ के दोस्त काशिफ के साथ मारपीट कर रहा था। शोर सुनकर कैफ वहां पहुंचा और अपने दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान आक्रोशित आरोपियों ने कैफ को निशाना बनाते हुए उसके सिर पर चापड़ से हमला कर दिया।
हमलावरों की तलाश में जुटी कदमा पुलिस
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों के साथ कैफ का पुराना विवाद चल रहा था, जिसकी दुश्मनी में इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कदमा थाना पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और घटना के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

