
रांची : झारखंड में रेल यात्रा करने वालों के लिए जरूरी सूचना है। 15 और 16 सितंबर को कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। अगर आप भी इन तारीखों में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रेनों का शेड्यूल जरूर देख लें।
रेलवे के अनुसार आसनसोल रेल मंडल के मुगमा और कालूबथान स्टेशनों के बीच मरम्मत कार्य चलेगा। यहां ट्रैक और सिग्नल सिस्टम को बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। इस वजह से दोनों दिन 7-7 घंटे का ब्लॉक लिया गया है। इस दौरान इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जाएगी।
काम के चलते कुछ गाड़ियों को रद्द किया गया है। वहीं कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव हुआ है और कई ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चलेंगी।
रद्द रहने वाली ट्रेनें और बदले हुए रूट
ब्लॉक के कारण 15 और 16 सितंबर को दो प्रमुख ट्रेनें नहीं चलेंगी। आसनसोल-गया एक्सप्रेस एवं आसनसोल-बरकाकाना मेमू ट्रेन का परिचालन भी बंद रहेगा।
वहीं बर्द्धमान-हटिया एक्सप्रेस पूरी दूरी तय नहीं करेगी। यह ट्रेन हटिया तक नहीं आएगी। इसे केवल आसनसोल तक ही चलाया जाएगा और वहीं से वापस बर्द्धमान भेज दिया जाएगा।
ये प्रमुख ट्रेनें चलेंगी देर से
15 सितंबर को कई लंबी दूरी की गाड़ियों के खुलने के समय में बदलाव किया गया है।
कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस: यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से 60 मिनट की देरी से रवाना होगी।
कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस: 15 सितंबर को यह 50 मिनट देरी से चलेगी। 16 सितंबर को यह ट्रेन 30 मिनट की देरी से खुलेगी।
दरभंगा-चार्लापल्ली एक्सप्रेस: इसे 90 मिनट यानी डेढ़ घंटा देरी से चलाया जाएगा।
पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस: यह ट्रेन 75 मिनट लेट से रवाना होगी।
यात्रियों को किया अलर्ट
रेल विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए अलर्ट जारी किया है। 15 और 16 सितंबर को स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन की सही स्थिति की जांच जरूर करें।
यात्री रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा नेशनल ट्रेन पूछताछ प्रणाली ऐप पर भी अपनी ट्रेन का करंट स्टेटस देख सकते हैं। इससे स्टेशन पर बेवजह के इंतजार और परेशानी से बचा जा सकेगा।

