Home » Palamu News: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में मॉड्यूलर ओटी टेंडर को लेकर विभाग सख्त, कार्यपालक अभियंता को शोकॉज

Palamu News: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में मॉड्यूलर ओटी टेंडर को लेकर विभाग सख्त, कार्यपालक अभियंता को शोकॉज

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (सदर), पलामू में तीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण के लिए ऑफलाइन टेंडर जारी किए जाने और निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितता के मामले में भवन निर्माण विभाग ने डालटनगंज भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता महेंद्र राम से स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग के विशेष सचिव विधान चन्द्र चौधरी ने 13 सितंबर 2026 को जारी पत्र में उन्हें 48 घंटे के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।

विभाग के अनुसार, मॉड्यूलर ओटी निर्माण की निविदा में अनियमितता बरते जाने का आरोप सामने आया है। तीनों मॉड्यूलर ओटी की अनुमानित लागत प्रति यूनिट 70 लाख 41 हजार 250 रुपये है, जबकि कुल लागत 2 करोड़ 11 लाख 23 हजार 750 रुपये बताई गई है।

विशेष सचिव ने अपने पत्र में कहा है कि विभागीय कार्यालय आदेश संख्या 2163, दिनांक 19 नवंबर 2020 के तहत 50 लाख रुपये से अधिक की सभी निविदाओं को ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली के माध्यम से निष्पादित किया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद योजना के लिए ऑफलाइन निविदा आमंत्रित की गई।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि योजना भवन निर्माण विभाग से स्वीकृत अथवा संबंधित नहीं है, लेकिन जिला स्तर पर कार्यपालक अभियंता को योजना के क्रियान्वयन के लिए कार्य एजेंसी बनाया गया था। विभाग का कहना है कि भवन निर्माण विभाग के अधीन पदस्थापित अधिकारी होने के कारण विभागीय नियम जिला स्तर पर क्रियान्वित योजनाओं में भी लागू होते हैं।

विभाग ने ऑफलाइन निविदा प्रक्रिया को आदेश की अनदेखी, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता का द्योतक बताते हुए कहा है कि इससे विभाग की छवि धूमिल हुई है। महेंद्र राम से पूछा गया है कि उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनिक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। उन्हें 48 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया ।

Read also – Chaibasa News : संताली भाषा व ओल चिकी के संरक्षण के लिए आगे आए समाज : सांसद जोबा माझी

Related Articles

Leave a Comment