
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड़ालागिया शाखा डाकघर से करीब 12 लाख 93 हजार 131 रुपये की भारी-भरकम राशि का गबन कर पिछले चार सालों से फरार चल रहे तत्कालीन पोस्टमास्टर परशुराम नायक को पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
2022 में हुआ था घोटाले का पर्दाफाश
थाना पुलिस के मुताबिक यह मामला वर्ष 2022 का है। सिंहभूम मंडल के डाक अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर चाईबासा अनुमंडल के डाक निरीक्षक कुणाल प्रियदर्शी ने बड़ालागिया शाखा डाकघर के बहियों व खातों की सघन जांच की थी। पड़ताल के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और गबन का मामला सामने आया। जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद मुफस्सिल थाने में आरोपी पोस्टमास्टर के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
सरकारी और खाताधारकों के पैसों पर मारा डाका
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी पोस्टमास्टर परशुराम नायक ने दो अलग-अलग मदों में सेंधमारी की थी। इसमें
खाताधारकों की जमा राशि 4 लाख 85 हजार रुपये और डाक विभाग का सरकारी फंड 8 लाख 8 हजार 131 रुपये
इन दोनों राशियों को मिलाकर कुल 12,93,131 रुपये की हेराफेरी को अंजाम दिया गया था।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। गुरुवार को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाके में देखा गया है, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
Read Also Chaibasa News : ग्राहकों की सुरक्षा ही बैंक की सर्वोच्च प्राथमिकता : रॉबिनसन

