
Jamshedpur : शहर में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस महकमे ने सख्ती बढ़ा दी है। कर्तव्य में लापरवाही और पुलिसिंग में शिथिलता के आरोप में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की अवधि में उन्हें पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय समीक्षा और जांच के बाद थाना प्रभारी पर कार्य में गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आए। जांच के दौरान कर्तव्य के प्रति लापरवाही के अलावा अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की बात भी सामने आने के बाद एसएसपी ने निलंबन की कार्रवाई की।
पुलिस महकमे की ओर से साफ किया गया है कि कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। आनंद मिश्रा के निलंबन के बाद सीतारामडेरा थाना के नए प्रभारी की पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नए थाना प्रभारी की जिम्मेदारी किस अधिकारी को दी जाएगी, इस पर विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि शहर की कानून-व्यवस्था लगातार खराब हो रही है। इसे लेकर एसएसपी ने शहर के थाना प्रभारियों को निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर थाना प्रभारियों पर कार्रवाई हो रही है। इसके पहले एसएसपी ने बिरसानगर थाना प्रभारी को निलंबित किया था। अब तक कारण सामने नहीं आया है कि बिरसानगर थाना प्रभारी क्यों निलंबित किए गए हैं। बस काम में लापरवाही का मामला बताया जा रहा है। जबकि, गोलमुरी और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों की हालत बेहद खराब है। मगर, यहां के थाना प्रभारी अभी बचे हुए हैं। हो सकता है कि केनरा बैंक डकैती के खुलासे के बाद गोलमुरी थाना प्रभारी पर भी गाज गिरे। क्योंकि, गोलमुरी इलाके में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक तो केनरा बैंक के अंदर बदमाश एक घंटे तक डाका डालते रहे और पुलिस को हवा तक नहीं लगी। यही नहीं, बदमाश आराम से भाग भी निकले। दूसरी तरफ, इसी रात को आभूषण दुकान में भी चोरी हो गई।

