
रांची : झारखंड में वीबी-जी राम जी योजना के तहत संविदा पर कार्यरत अभियंताओं समेत अन्य कर्मियों का मानदेय कई महीनों से लंबित है। वीबी-जी राम जी इंजीनियर एसोसिएशन झारखंड ने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव और योजना के आयुक्त को पत्र भेजकर दीपावली से पहले सभी संविदा कर्मियों के बकाया मानदेय का भुगतान कराने की मांग की है। संघ के अनुसार, विभिन्न जिलों से मिली जानकारी में पाकुड़ में 11 महीने, देवघर में 8 महीने, पलामू में 7 महीने, गोड्डा में 6 महीने और रांची में 5 महीने से मानदेय भुगतान लंबित है। संघ का कहना है कि अन्य जिलों में भी 5 से 11 महीने तक का भुगतान बकाया होने की सूचना मिली है। पत्र में कहा गया है कि भुगतान के लिए संबंधित पदाधिकारियों से आग्रह करने पर कई बार ट्रेजरी में भुगतान फेल होने का हवाला देकर मामला टाल दिया जाता है। इससे लंबे समय से संविदा कर्मियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने मानदेय भुगतान की नियमित निगरानी के लिए राज्य स्तर पर एक मॉनिटरिंग सेल गठित करने का सुझाव दिया है। यह सेल जिला और प्रखंड स्तर पर भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर प्रत्येक महीने की 1 से 10 तारीख के बीच आवश्यक निर्देश जारी करे। संघ ने कहा है कि अक्टूबर में महत्वपूर्ण त्योहारों का समय है। ऐसे में यदि समय पर मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो संविदा कर्मियों के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा।

