
चाईबासा : केंद्र सरकार ने आगामी त्योहारों (दशहरा और दुर्गा पूजा) से पहले देश भर के रेल कर्मचारियों को एक बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए रेलकर्मियों को 78 दिनों का उत्पादकता आधारित बोनस (PLB) देने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई।
इस निर्णय से भारतीय रेलवे के लगभग 11,40,770 पात्र कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। बोनस वितरण के मद में केंद्र सरकार कुल 2,009.61 करोड़ रुपये खर्च करेगी। योजना के तहत प्रति पात्र रेलकर्मी को अधिकतम 17,951 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। यह भुगतान दुर्गा पूजा और दशहरा के अवकाश से पूर्व किया जाएगा।
इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार, बोनस का यह लाभ मुख्य रूप से ग्रुप ‘सी’ के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा। इनमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन और मंत्रालयिक स्टाफ शामिल हैं।
रेलवे का शानदार प्रदर्शन बना आधार
वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान भारतीय रेलवे के उत्कृष्ट प्रदर्शन को इस बोनस का मुख्य आधार बताया गया है। इस अवधि में रेलवे ने 1,670 मिलियन टन माल ढुलाई का नया रिकॉर्ड स्थापित किया, वहीं लगभग 7.41 अरब यात्रियों को यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई। सरकार ने इस उपलब्धि का श्रेय कर्मचारियों के निष्ठावान योगदान को दिया है।
सरकार का मानना है कि त्योहारों के अवसर पर दिए जाने वाले इस आर्थिक प्रोत्साहन से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और रेलवे की परिचालन क्षमता में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।

