धनबाद: गले से चेन झपटकर तेजी से भाग निकलनेवाले अपराधियों पर पुलिस लगाम नहीं लग पा रही है। इन चेन स्नैचरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें इस बात की भी परवाह नहीं कि जिन्हें वे निशाना बना रहे हैं वे पद व प्रतिष्ठा में कितने ताकतवर हैं। ताजा मामले में वरिष्ठ आईपीएस नवीन सिंह की मां के साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई है। इस वारदात को चेन झपटमारों ने शनिवार की सुबह-सुबह अंजाम दिया।
सुबह-सुबह पूजा कर लौट रहीं थी इस वरिष्ठ आईपीएस की मां, झपट ली गई चेन
मामला झारखंड के धनबाद का है। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे इस घटना को झपटमारों ने अंजाम दिया।
अपने कार्यों की वजह से चर्चा में रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी नवीन सिंह की मां धनबाद के सरायढेला थाना अंतर्गत स्थित अपने आवास नीलांचल कॉलोनी से मोहल्ले में ही मंदिर में पूजा करने गई थी। सुबह करीब आठ बजे वे पूजा कर वापस अपने घर लौट रही थी।
उनके घर लौटने के रास्ते में ही अचानक बाइक पर सवार दो युवा अपराधी पहुंचे। नवीन सिंह की मां के गले से चेन पकड़क खींच लिया। इसके बाद दोनों बाइक सवार भाग निकले।
इस वारदात के पुलिस को जानकारी दी गई। सरायढेला थाने के प्रभारी विनय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे।
हेलमेट पहने थे अपराधी, पल्सर थी बाइक
आम लोगों में यही चर्चा है कि जब सीनियर आईपीएस अधिकारी के परिवार के लोग असुरक्षित हैं तो आम लोगों का क्या होगा। उधर, पुलिस अपराधियों की तलाश में जोरशोर से लगी है। अबतक हुई पूछताछ में पता चला कि दोनों अपराधी हेलमेट लगाए हुए थे और वह पल्सर बाइक पर सवार थे।
जगह-जगह लगे हैं सीसीटीवी कैमरे, पुलिस कर रही जांच
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी नवीन सिंह की मां से चेन झपटमारी की यह घटना जिस जगह हुई, वह कालोनी परिसर में ही है। जिस मंदिर में पूजा करने वे गई थीं वह मंदिर निलांचल कॉलोनी के काफी अंदर है। मोहल्ले में काफी घर में सीसीटीवी लगा है पुलिस सीसीटीवी से अपराधियों की तलाश करने में लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद वह लोग नीलांचल कालोनी के मुख्य गेट से ही बाहर निकल कर भागे हैं। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी से ही अपराधियों की तलाश हो सकती है।
2020 मां भी नवीन सिंह के घर हुई थी चोरी
आईपीएस नवीन सिंह के नीलांचल कॉलोनी स्थित घर में 2020 में भी चोरी हो चुकी है। इस कांड में पुलिस में दो चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि उनके पास चोरी का कोई सामान बरामद नहीं हो पाया था।

