Home » Hazaribagh News : हजारीबाग में सड़क हादसे में एयरफोर्स जवान की मौत, शादी में शामिल होने आए थे छुट्टी पर

Hazaribagh News : हजारीबाग में सड़क हादसे में एयरफोर्स जवान की मौत, शादी में शामिल होने आए थे छुट्टी पर

Hazaribagh News : बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को उनकी वापसी की ट्रेन थी और 3 मई को उन्हें ड्यूटी ज्वॉइन करनी थी।

by Mujtaba Haider Rizvi
Railway track death, Govindpur,
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hazaribagh : हजारीबाग जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच सोमवार को एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। देमोटर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एयरफोर्स के जवान दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।

गौरतलब है कि दीपक कुमार पिछले करीब 10 वर्षों से भारतीय वायु सेना में सेवा दे रहे थे और वर्तमान में हैदराबाद में पदस्थापित थे। वे छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे और एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए हजारीबाग पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को उनकी वापसी की ट्रेन थी और 3 मई को उन्हें ड्यूटी ज्वॉइन करनी थी।

सोमवार सुबह दीपक अपने एक साथी के साथ बाइक से निकले थे। इसी दौरान देमोटर के पास एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस हादसे के बाद दीपक कुमार अपने पीछे चार महीने का मासूम बच्चा, पत्नी, माता-पिता और दो बड़े भाइयों को छोड़ गए हैं। जवान की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक के परिचितों ने बताया कि दीपक बेहद मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। जब भी छुट्टी मिलती थी, वह घर आकर परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताते थे। उनकी मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज को गहरा आघात पहुंचा है।

इधर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है और इसे अपूरणीय क्षति बताया है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Read Also: Hazaribagh News: दनुआ घाटी में हादसों पर सख्त हुए एसपी अमन कुमार, अवैध कट बंद करने का आदेश

Related Articles

Leave a Comment