Bokaro (Jharkhand) : झारखंड के बोकारो जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बोकारो-रामगढ़ हाईवे पर सेक्टर 12 थाना क्षेत्र के पास एक ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास चटर्जी के रूप में हुई है, जो झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) में फील्ड को-ऑर्डिनेटर के पद पर कार्यरत थे।
यह हादसा बुधवार की सुबह उस वक्त हुआ, जब विकास चटर्जी चास प्रखंड कार्यालय में एक बैठक में शामिल होने के बाद सेक्टर 8 स्थित अपने घर लौट रहे थे। हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित लोगों ने हाईवे किया जाम, पुलिस मौके पर पहुंची
विकास की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और उनके परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग करते हुए हाईवे को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर 12 थाना इंचार्ज सुभाष चंद्र सिंह पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। वे आक्रोशित लोगों और शोक में डूबे परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

