
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के सहयोग और एस.आर. रूंगटा समूह के तत्वावधान में शुक्रवार को चाईबासा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित राजेश्वरी भवन में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार ने फीता काटकर एवं उद्योगपति सह समाज सेवी सीताराम रूंगटा के तस्वीर के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

रक्तदान सबसे बड़ा दान: उपायुक्त
पश्चिमी सिंहभूम जिला के उपायुक्त मुख्य अतिथि मनीष कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त दान किया गया एक यूनिट खून तीन जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने युवाओं, कॉलेज के छात्रों और सामाजिक संगठनों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। डीसी ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में हर संभव मदद करता आगे भी करते रहेगा।

बड़ी संख्या में लोगों ने किया रक्तदान
शिविर में सुबह से ही स्वयंसेवकों की भीड़ उमड़ी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्त संग्रह, जांच और सुरक्षा के सभी इंतजाम किए। शिविर में आए लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में एसडीओ संजय कुमार, सीओ उपेंद्र कुमार, डीएस शिवचरण हंसदा समेत जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद थे। रूंगटा ग्रुप की ओर से उद्योगपति और समाजसेवी मुकुंद रूंगटा, गिरधारी पारीक सहित समूह के कई कर्मी भी उपस्थित रहे।
समाज सेवा हमारी प्राथमिकता: मुकुंद रूंगटा
मुकुंद रूंगटा ने कहा कि रूंगटा समूह के लिए समाज सेवा हमेशा प्राथमिकता रही है। रक्तदान जैसे शिविरों से जरूरतमंद मरीजों को समय पर खून उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के शिविर आयोजित कर समाज के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही सहयोग करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों, स्वयंसेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया।

