Home » Chaibasa News : जवानों ने निभाया रिश्तों का फर्ज : CRPF कैंप के सामने से गुजरी बारात, दूल्हा-दुल्हन को दिया आशीर्वाद और तोहफा

Chaibasa News : जवानों ने निभाया रिश्तों का फर्ज : CRPF कैंप के सामने से गुजरी बारात, दूल्हा-दुल्हन को दिया आशीर्वाद और तोहफा

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्र बोरोई में एक अनोखा और दिल को छू लेने वाला नजारा देखने को मिला। यहां CRPF कैंप के सामने से गुजर रही बारात को देखकर जवानों ने न सिर्फ बारात का फूल-मालाओं से स्वागत किया, बल्कि दूल्हा-दुल्हन को कैंप के मुख्यद्वार पर रोककर उपहार और आशीर्वाद भी दिया।

गांव की एक बारात ढोल-नगाड़ों के साथ कैंप के सामने से गुजर रही थी। आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात जवान गेट पर आ गए। उन्होंने तुरंत वर-वधू की गाड़ी को रुकवाया। इसके बाद कैंप के अधिकारियों और जवानों ने दूल्हा-दुल्हन को माला पहनाकर उनका स्वागत किया। जवानों ने नवविवाहित जोड़े को शगुन के तौर पर उपहार भेंट किया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान पूरा कैंप परिसर ‘भारत माता की जय’ और बधाई के नारों से गूंज उठा।

गांव वालों ने की जमकर तारीफ

जवानों के इस व्यवहार से बाराती और गांव वाले भावुक हो गए। बारात में शामिल बुजुर्गों ने कहा कि वर्दी वालों का यह अपनापन देखकर दिल खुश हो गया। ग्रामीणों ने कहा कि हमारे जवान सरहद पर ही नहीं, समाज में भी हमारे साथ खड़े हैं। उन्होंने आज रिश्तों का फर्ज निभाया है। बोरोई कैंप के एक अधिकारी ने बताया कि देश की सेवा के साथ-साथ समाज से जुड़ना भी हमारा कर्तव्य है।

बारात का स्वागत करना हमारे लिए सौभाग्य की बात थी। हम चाहते हैं कि जनता और जवानों के बीच का यह विश्वास और मजबूत हो। यह घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी लोग CRPF जवानों के इस कदम की सराहना कर रहे हैं और इसे वर्दी में इंसानियत का नाम दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Comment