चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में पागल दंतैल हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को हाथी ने एक और महिला की जान ले ली। वन विभाग की नाकामी के कारण इस हाथी ने एक-एक कर अब तक 6 लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। जबकि, आधा दर्जन लोग घायल हैं। ताजा मामला गोइलकेरा के संतरा वन क्षेत्र के बिला पंचायत का है, जहां हाथी ने ग्राम मिस्त्रीबेड़ा में हमला कर 50 वर्षीय जोंगा लागुरी एक महिला की जान ले ली और उसके पति वर्षीय 52 चंद्र मोहन लागुरी को घायल कर दिया।
घटना सोमवार सुबह की है, जहां हाथी ने महिला को सूंड़ से पकड़कर पटक पटक कर घटनास्थल पर मौत के घाट उतार दिया। महिला को बचाने के चक्कर में पति भी घायल हो गया। परिवार के अन्य लोग भी हाथी के हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद घायल पति को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए चाईबासा रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर गोइलकेरा थाना की पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
इधर वन विभाग घूम घूम कर माइक से अलाउंस कर ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कह रहा है। विभाग ने उन्हें पटाखे दिए गए हैं ताकि वे हाथी को दूर रख सकें। वन क्षेत्र पदाधिकारी ने बताया कि हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वनरक्षी और पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि हाथी को भगाने एवं काबू में करने के लिए पश्चिम बंगाल से एक टीम को बुलाया गया है।
वर्तमान में ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। बता दें कि चाईबासा जिला में पिछले 5 दिनों में हाथी ने 6 लोगों की जान ले ली है।जब कि 5 लोगों को घायल कर दिया है जिसका स्थिति काफी नाजुक हैं।इसके पहले हाथी ने टोंटो, मुफ्फसिल और गोइलकेरा थाना क्षेत्र में हमला कर 5 लोगों की जान ली थी।
हाथी को काबू करने के लिए पश्चिम बंगाल से आएगी टीम: डीएफओ
कोल्हान वन प्रमंडल पदाधिकारी डीएफओ कुलदीप कुमार ने कहा कि हाथी को काबू में करने के लिए पश्चिम बंगाल से एक टीम बुलाई गई है, जो सोमवार को पहुंचेगी। वर्तमान में सभी जगह वनकर्मियों द्वारा लोगों को हाथी से बचाव के लिए सतर्क किया जा रहा है। लोगों को इसके लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

