चाईबास : नगरपालिका चुनाव- 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो चुकी है। गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- उपायुक्त चंदन कुमार चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के लिए मतदान दल रवानगी स्थल पहुंचे। मतदान पार्टियों को टाटा कॉलेज-चाईबासा से रवाना होना है। उपायुक्त ने टाटा कॉलेज परिसर, स्ट्रांग रूम व मतगणना हेतु चिन्हित परिसर महिला कॉलेज-चाईबासा का निरीक्षण किया।
व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
इस दौरान उन्होने डिस्पैच सेंटर- टाटा कॉलेज परिसर और स्ट्रांग रूम व मतगणना परिसर महिला कॉलेज-चाईबासा में दोनों नगरपरिषद क्षेत्र के लिए की जा रही पृथक-पृथक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। साथ ही सभी डिस्पैच सेंटर पर बैरिकेडिंग, मतदान सामग्री वितरण, आवागमन हेतु वाहनों का क्रमवार संयोजन सहित विविध बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी ने सुरक्षा व्यवस्था आदि के संदर्भ में दिए निर्देश
इसके अलावा स्ट्रांग रूम व मतगणना परिसर में रिसीविंग टेबल पर मतदान कर्मियों के पहुंचने के लिए सुलभ व्यवस्था, मतगणना के दिन कर्मियों एवं चुनावी अभिकर्ताओं का आवागमन व्यवस्था, मतगणना कक्ष में टेबल का संधारण सहित सुरक्षा व्यवस्था आदि के संदर्भ में उचित निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अन्य
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग, भूमि सुधार उपसमाहर्ता पोड़ाहाट-चक्रधरपुर केकेमुण्डू, भूमि सुधार उपसमाहर्ता चाईबासा जीतराय मुर्मू, नजारत उप समाहर्ता देवेंद्र कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-जिला पंचायत राज पदाधिकारी सबिता टोप्पो, सभी निर्वाची पदाधिकारी (वार्ड पार्षद) -सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

