Home » Chaibasa Road Accident : चाईबासा में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

Chaibasa Road Accident : चाईबासा में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला एवं कोल्हान प्रमंडलीय मुख्यालय चाईबासा के एनएच-75 स्थित बड़ी बाजार डाउन क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां अवैध बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक स्थानीय युवक मो. निजामुद्दीन को कुचल दिया। मृतक, जो मस्जिद मोहल्ला के बरकांदाज टोली निवासी थे, किसी कार्य से घर से निकले थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद डाला। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चाईबासा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले जाया गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, पुलिस और खनन विभाग पर आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि खनन विभाग और पुलिस की मिलीभगत से चाईबासा में खुलेआम बालू की तस्करी हो रही है। लोगों का कहना है, “किसी भी नदी घाट का टेंडर नहीं हुआ है, फिर भी रोज़ाना हाईवा और ट्रैक्टर से बालू की ढुलाई हो रही है। और जिन्हें रोकना चाहिए, वे ही चुप हैं।”

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा

स्थानीय लोगो ने बताया कि कुछ दिन पूर्व इसी इलाके में एक अन्य व्यक्ति की भी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। बावजूद प्रशासनिक नियंत्रण पूरी तरह विफल नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि जिले में बालू माफिया बेखौफ होकर अवैध धंधा चला रहे हैं और पुलिस-प्रशासन की मौन स्वीकृति से यह सब मुमकिन हो रहा है।

क्या कहते हैं स्थानीय लोग?

इस पूरे प्रकरण को लेकर एक बार फिर स्थानीय लोग कई तरह के सवाल करने लगे हैं। लोगों का कहना है कि खनन विभाग और पुलिस की निष्क्रियता व मिलीभगत के कारण मासूम जानें जा रही हैं। सरकार और प्रशासन को अवैध परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की कार्रवाई करने की जरूरत है। साथ ही सभी नदी घाटों के टेंडर पारदर्शी प्रक्रिया से कराने और दोषी अधिकारियों एवं माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Related Articles