घाटशिला (जमशेदपुर) : कांग्रेस संगठन सृजन वर्ष 2025 के तहत रविवार को घाटशिला प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से फुलडुंगरी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। इसमें प्रखंड कार्यसमिति के सदस्य, जिले और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता और पर्यवेक्षक शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने की। उन्होंने कहा कि यह बैठक चुनिंदा नेताओं और मूल कार्यसमिति के साथ की गई थी, जिसका उद्देश्य संगठन को पंचायत और मंडल स्तर तक सुदृढ़ करना, जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों तक सुविधा पहुंचाना था।
प्रखंड और पंचायत स्तर पर नियुक्त होंगे प्रभारी
दुबे ने बताया कि प्रत्येक पंचायत और प्रखंड में प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे ताकि स्थानीय समस्याओं की पहचान कर प्रशासन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा, “यह केवल संगठन निर्माण की रणनीति नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को हल करने की लड़ाई की शुरुआत है।”
योजनाओं में गड़बड़ी पर कांग्रेस करेगी हस्तक्षेप
दुबे ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना आदि पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई पात्र लोग आज भी वंचित हैं। कांग्रेस इन लोगों को चिन्हित कर उन्हें लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाएगी।
जनसंपर्क और डेटा संग्रह का निर्णय
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता अब हर पंचायत में जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। वे योजनाओं से वंचित लोगों की सूची तैयार कर उसे प्रशासन को सौंपेंगे ताकि उन्हें लाभ मिल सके।
कांग्रेस की नीति–जमीन पर संघर्ष के लिए तैयार
कांग्रेस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह सिर्फ संगठनात्मक मजबूती नहीं बल्कि जनहित की लड़ाई को भी उतनी ही प्राथमिकता देगी। आने वाले 10-20 दिनों में घाटशिला क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। बैठक में प्रखंड पर्यवेक्षक प्रिंस सिंह, प्रखंड प्रभारी राज किशोर प्रसाद, मनरेगा जिला अध्यक्ष तापस चटर्जी, प्रदेश कांग्रेस सचिव सनत कालटू चक्रवर्ती, प्रखंड अध्यक्ष सत्यजीत सीट समेत कई स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

