
बोकारो: रविवार की देर रात चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दामोदर नदी से जल लेकर चिड़का धाम जा रहे कांवरियों और थाना प्रभारी के बीच बकझक हो गई। विवाद बढ़ने के बाद हुई हाथापाई में थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के सिर पर चोट लग गई। सिर से खून निकलने के बाद उन्हें तत्काल चास के केएम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां सिटी स्कैन जांच की प्रक्रिया देर रात तक चल रही थी।
बताया जा रहा है कि डीजे लगे ट्रक के कारण सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसी दौरान थाना प्रभारी प्रकाश मंडल मौके पर पहुंचे और सड़क से जाम हटाने को लेकर डीजे वाहन के साथ चल रहे कांवरियों को समझाने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान एक युवक ने हाथ मे पहने कड़ा से थाना प्रभारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई और खून निकलने लगा। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
Read Also:पेपर लीक पर आंदोलनकारी छात्रों ने किया विधानसभा घेराव का एलान: जमशेदपुर में कल स्कूल बंद, शहर में निषेधाज्ञा लागू

