Home » Dumka Crime News: पिता नहीं बन सका तो विधवा को डायन समझकर मार डाला, अपने घर में बुला कर डंडे से की पिटाई

Dumka Crime News: पिता नहीं बन सका तो विधवा को डायन समझकर मार डाला, अपने घर में बुला कर डंडे से की पिटाई

by Birendra Ojha
Dumka Witchcraft Murder
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका : झारखंड के दुमका स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरसोल गांव में सोमवार की देर शाम डायन-बिसाही से जुड़ी घटना में हत्या हो गई। पिता नहीं बन पाने से नाराज पड़ोसी युवक ने 55 साल की विधवा पक्कू हेंब्रम को डायन मान लिया और अपने ही घर में उसकी लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद आरोपी मुंशी टुडू को गिरफ्तार कर उसे मंगलवार की सुबह जेल भेज दिया।

बताया जाता है कि मुंशी की शादी 10 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से विधवा उसे हर बात में टोका करती थी। शादी के तीन साल बाद ही जब मुंशी पिता नहीं बन सका तो उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई। पिछले साल उसके पिता की भी मौत हो गई। इसके लिए वह विधवा महिला को दोषी मानता था। मुंशी को लगता था कि महिला डायन है, जिसके कारण उसका पूरा परिवार बर्बाद हो गया। महिला घर से निकलते ही टोक दिया करती थी, जिसमें वह तनाव में आ जाता था। इसके कारण उसका कोई भी काम नहीं हो पता था। कई बार मना करने के बाद भी महिला ने टोकाटाकी बंद नहीं की।

सोमवार की शाम उसने तय कर लिया कि महिला को जान से मार देना है। उसने किसी बहाने से महिला को अपने घर में बुलाया और लकड़ी के डंडे से पीट-पीट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस घटना की सूचना गांव के चौकीदार से मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भागने का प्रयास कर रहे मुंशी टुडू को धर दबोचा।

थाना प्रभारी लॉरेंसिया केरकेट्टा ने बताया कि डायन के शक में मुंशी ने वृद्धा की हत्या कर दी। हत्या में प्रयुक्त डंडे को भी बरामद कर लिया गया है। मृतका की बेटी मकलू हांसदा के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी मुंशी टुडू को जेल भेज दिया।

Read Also: Giridih Murder : गिरिडीह में घर से बुलाकर की बेरहमी से हत्या, मरने से पहले युवक ने बताए हत्यारों के नाम

Related Articles

Leave a Comment