Giridih: गिरीडीह शहर के पचम्बा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय तौफीक अंसारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई है। घटना आजाद नगर स्थित चदरा पुल के पास सोमवार की देर रात करीब एक बजे हुई।
मिलने के बहाने बुलाया, फिर किया हमला
मृतक के दोस्त अखलाख ने बताया कि रात करीब 12 बजे तौफिक को उसके परिचित आसिफ अली का फोन आया। उसने मिलने के लिए बुलाया। तौफिक अपने दोस्तों के साथ चदरा पुल पहुंचा, जहां पहले से आसिफ अली अपने साथियों बंटी टायसन, साकिब अली, मोनू पठान और अरशद के साथ मौजूद था।
बताया जा रहा है कि वहां पहले गाली-गलौज हुई और फिर अचानक आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान तौफिक गिर पड़ा और हमलावरों ने उसे घेरकर बेरहमी से मार डाला।
मरने से पहले दर्ज हुआ बयान
घटना के बाद जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तौफिक गंभीर हालत में था। परिजनों का दावा है कि मरने से पहले उसने हमलावरों के नाम बताए, जिसका वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया गया है।
हत्या के मामले में जेल गया था आरोपी
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों से तौफीक की कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। वह किराये का वाहन चलाकर अपना जीवनयापन करता था।
पुलिस के अनुसार, मृतक पहले से एक हत्या मामले में आरोपी रह चुका था और हाल ही में जेल से बाहर आया था। वहीं, जिन लोगों पर हत्या का आरोप है, उनका भी आपराधिक इतिहास रहा है। प्रारंभिक जांच में घटना को आपसी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

