Jamshedpur (Jharkhand) : सीतारामडेरा थाना में शिकायत दर्ज होने के बाद पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां ने अब सफाई देनी शुरू कर दी है। भुइयां पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम को लेकर कथित रूप से अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शनिवार को थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद दुलाल भुइयां ने रविवार को कहा कि आरोप गलत है। कहा है कि उन्होंने मुख्यमंत्री को नहीं, बल्कि व्यवस्था को लेकर बयान दिया था।
मुख्यमंत्री पर नहीं व्यवस्था पर की टिप्पणी : दुलाल भुइयां
दुलाल भुइयां ने आरोप को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को नहीं कहा है। संविधान दिवस पर लोगों को सूचना दिए बगैर उनके घरों को तोड़े जाने की घटना को लेकर उन्होंने व्यवस्था पर टिप्पणी की थी। व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए “शैतानी हरकत” शब्द का प्रयोग किया था, जिसे गलत अर्थ में पेश किया जा रहा है।
झामुमो केंद्रीय सदस्य ने दर्ज कराई है शिकायत
बता दें कि शनिवार की रात पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां के खिलाफ दर्ज शिकायत पर पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिकायत झामुमो के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल ने लिखित तौर पर दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि 28 नवंबर को एक प्रेसवार्ता में दुलाल भुइयां ने मुख्यमंत्री को “शैतान सोरेन” कह कर संबोधित किया। प्रमोद लाल ने कहा है कि यह टिप्पणी संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है। इससे सामाजिक सद्भाव पर असर पड़ सकता है। इस आरोप में दुलाल भुइयां के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

