Home » Ghatshila By-Election 2025 : 14 नवंबर को 15 काउंटिंग टेबल पर होगी 20 राउंड मतगणना, त्रिस्तरीय सुरक्षा में स्ट्रांग रूम सील

Ghatshila By-Election 2025 : 14 नवंबर को 15 काउंटिंग टेबल पर होगी 20 राउंड मतगणना, त्रिस्तरीय सुरक्षा में स्ट्रांग रूम सील

by Mujtaba Haider Rizvi
Ghatshila By-election 2025
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 की काउंटिंग को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। मतगणना 14 नवंबर 2025 को को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में की जाएगी। इसके लिए कुल 15 काउंटिंग टेबल तैयार की गई हैं, जहां 20 राउंड में मतगणना की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट और एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। काउंटिंग सुपरवाइजर ईवीएम की सील की जांच और प्रक्रिया की निगरानी करेंगे, जबकि काउंटिंग असिस्टेंट नियंत्रण इकाई से परिणाम पढ़कर फॉर्म में दर्ज करेंगे। माइक्रो ऑब्जर्वर हर राउंड में पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे। प्रत्येक हॉल में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर समन्वय की भूमिका निभाएंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वीवीपैट पर्चियों की गिनती भी की जाएगी।

काउंटिंग के लिए बुधवार को कर्मचारियों की महिला विश्वविद्यालय में ट्रेनिंग चल रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने सिदगोड़ा में महिला विश्वविद्यालय में मतगणना दलों के प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए साफ कहा कि मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन की विश्वसनीयता का सबसे अहम पहलू है, इसलिए हर एक अधिकारी आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन करे। उन्होंने मतगणना से जुड़े कर्मियों को जिम्मेदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। स्ट्रांग रूम को विधिवत सील किया गया, जिसमें सामान्य प्रेक्षक राखी बिस्वास, जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी, आरओ सुनील चन्द्र सहित प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पूरे परिसर की 24×7 CCTV निगरानी की जा रही है और प्रवेश सिर्फ अधिकृत पासधारी व्यक्तियों को ही मिलेगा। राजनीतिक दलों के अधिकृत एजेंटों के लिए परिसर में निगरानी कक्ष भी बनाया गया है, जहां से वे सुरक्षा और निगरानी प्रक्रिया को देख सकते हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि, लापरवाही या नियम उल्लंघन की कोई गुंजाइश नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मतगणना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण भाग है और उसके सफल संचालन से चुनाव की पारदर्शिता सिद्ध होती है।

Read Also- Adityapur Goods Train Accident : आदित्यपुर रेलवे यार्ड में दो मालगाड़ियों में टक्कर, बड़ा हादसा टला

Related Articles