गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में सीसीएल बनियाडीह एरिया की सीपी साइडिंग पर मंगलवार देर रात हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। कथित कोयला चोरों और कर्मियों के बीच हुई इस भिड़ंत में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
मृतक की पहचान दिलीप दास (30) के रूप में हुई है। वह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के खंडीहा इलाके का रहने वाला था। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झड़प में एक व्यक्ति की मौत हुई है और अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
CCL साइडिंग हिंसा: चाकूबाजी में युवक की मौत
देर रात कोयला साइडिंग पर 40-50 लोगों के एक समूह ने कोयला लदी हाइवा को रोक दिया, जिसके बाद कर्मियों और कथित कोयला चोरों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आईं।
घटना में दिलीप दास को चाकू लगने से गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, इस झड़प में कई कर्मी और सुरक्षा गार्ड भी घायल हुए हैं। गार्ड असगर के अनुसार, हमले में छह सुरक्षा कर्मियों को चोटें आई हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों ने CCL अधिकारियों पर लगाया आरोप
मृतक के भतीजे आशीष दास ने सीसीएल अधिकारियों सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दिलीप दास घर से शौच के लिए निकले थे, इसी दौरान उन्हें घेरकर हमला किया गया और चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस आरोप के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों का बयान और पुलिस जांच जारी
वहीं, साइडिंग में तैनात कर्मियों का दावा है कि कथित कोयला चोरों ने हमला किया, जिसमें कई कर्मियों के साथ मारपीट की गई और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। सीसीएल के महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर ने भी कहा कि कोयला चोरों द्वारा हमला किया गया था।

