Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के नवनियुक्त डीसी राजीव रंजन ने शनिवार को अपना कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने जमशेदपुर में डीसी ऑफिस में कर्ण सत्यार्थी से पदभार ग्रहण किया। राजीव रंजन साल 2013 बैच के आइएएस अधिकारी हैं।
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए डीसी राजीव रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन का मकसद सरकार की योजनाओं को बेहतर ढंग से चलाने का होता है। उन्होंने कहा कि वह चाहेंगे कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाएं आम जनता तक पहुंचें। इनका लाभ जनता को मिले। उन्होंने कहा कि कर्ण सत्यार्थी ने जिन योजनाओं को धरातल पर बेहतर ढंग से चलाने का प्रयास किया है। उस प्रयास को वह आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतरने में कई कठिनाइयां होती हैं। लेकिन, इन सब को दूर करते हुए योजनाओं का लाभ जनता को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता सभी योजनाओं को लेकर होती है। योजनाएं पारदर्शी तरीके से चलें। यह उनका प्रयास होगा।
निवर्तमान डीसी ने सभी अधिकारियों को दिया धन्यवाद
डीसी कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि उन्हें सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने में सभी अधिकारियों का सहयोग मिला। इसके लिए वह सभी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि टीम बनाकर सारे अधिकारी ग्रामीण इलाकों में जाते थे और आम जनता से बात कर यह जानने की कोशिश करते थे कि योजनाओं का लाभ उन तक पहुंच रहा है या नहीं।

