Jamshedpur : मानगो और सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुरुवार को मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दोनों थाना पुलिस ने 60 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 6 ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। कुल 7400 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।

यह जानकारी गुरुवार को डीएसपी हेड क्वार्टर वन भोला प्रसाद ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मानगो और सीतारामडेरा थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। डीएसपी हेडक्वार्टर 1 ने बताया कि मानगो पुलिस को सूचना मिली थी कि मानगो ब्रिज के बगल में दुर्गा मंदिर के पास बनी सरकारी दुकानों के करीब कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री कर रहे हैं। इस सूचना पर डीएसपी हेडक्वार्टर 1 भोला प्रसाद सिंह के नेतृत्व में फौरन एक टीम गठित हुई। इस टीम में मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद भी थे। पुलिस की टीम ने स्वर्णरेखा नदी किनारे बने बाजार समिति की दुकानों के पास छापामारी की और चार युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया।
मानगो में यह आरोपी किए गए गिरफ्तार
गिरफ्तार युवकों में कपाली थाना क्षेत्र के तमोलिया का रहने वाला शिवाजी गोप उर्फ नाडु, एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा सुखना बस्ती का रहने वाला सर्जन कुमार उर्फ़ साजन, मानगो थाना क्षेत्र के नजरिया स्कूल के पीछे मुंशी मोहल्ला का रहने वाला अता पुत्र मुख्तार आलम और मानगो थाना क्षेत्र के ही गौड़ बस्ती वास्तु विहार के पीछे रहने वाला टुनटुन यादव शामिल हैं।
किसके पास से क्या हुआ बरामद
शिवाजा गोप उर्फ नाडु के पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर, 750 रुपए नकद और एक एंड्रॉयड फोन बरामद हुआ है। सर्जन कुमार उर्फ़ साजन के पास से 13 पुड़िया ब्राउन शुगर और ₹3300 नकद मिले हैं। अत के पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद ₹900 बरामद हुआ है। टुनटुन यादव के पास से 12 पुड़िया ब्राउन शुगर और 750 रूपए नकद मिले हैं। इस तरह कुल 45 पुड़िया ब्राउन शुगर और 6650 रूपए नकद बरामद हुए हैं। शिवाजी गोप चार बार जेल जा चुका है। अभी बेल पर बाहर आया था और फिर ब्राउन शुगर का धंधा करने लगा। अता पर चोरी और हत्या का मुकदमा चल रहा है।
हावड़ा ब्रिज के पास की गई छापेमारी
सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी हेडक्वार्टर के नेतृत्व में स्लैग रोड पर हावड़ा ब्रिज के पास छापामारी की गई। छापामारी में सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी शामिल थे। पुलिस ने यहां से सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के देव नगर राजेंद्र आश्रम के पास रहने वाले बादल बनिया और इसी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर आने वाले गौरव राम को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 15 पुड़िया ब्राउन शुगर और 750 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। प्रेस कांफ्रेंस के बाद सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद, उन्हें जेल भेज दिया गया है। बादल बनिया और गौरव राम का आपराधिक इतिहास है। बादल बनिया के खिलाफ सीतारामडेरा थाने में चार केस और गौरव राम के खिलाफ पांच केस दर्ज हैं। गौरव राम टकला हत्याकांड में जेल गया था और अभी बेल पर बाहर है।
Read Also- NIA Big Revelation : एक करोड़ के इनामी पतिराम मांझी समेत 11 नक्सलियों के खिलाफ NIA की चार्जशीट

