Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। महावीर कॉलोनी स्थित इंटरनेशनल स्कूल गली में देर शाम एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स की छिनतई कर ली और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
पीड़िता जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित जेकेएस सोसायटी निवासी गीता पंडित हैं। उन्होंने मानगो थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह इंटरनेशनल स्कूल की गली से होकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, पीछे बैठे बदमाशों ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया और दोनों फरार हो गए।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक वे काफी दूर निकल चुके थे। पीड़िता ने बताया कि पर्स में नकदी, मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान रखा हुआ था, जो अपराधियों के साथ चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोगों में पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी बढ़ती दिख रही है। लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

