
कोडरमा : कोडरमा जिले के सुदूर गांव माधोपुर से पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए देशविरोधी एजेंडा चलाने वाले एक बड़े नेटवर्क का भांडाफोड़ किया है। आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) की गुप्त सूचना पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने अरसद महफूज 21 वर्ष और उसकी महिला मित्र शाहीन प्रवीण उर्फ मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों प्रेमी-प्रेमिका इंस्टाग्राम के जरिए भारतीय युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें उग्रवादी मानसिकता की ओर धकेल रहे थे। इनका सीधा संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर्स से था।
छापेमारी में मिला हथियारों और फर्जी ट्रेनिंग का जखीरा
पुलिस ने सतगावां थाना क्षेत्र स्थित अरसद के ठिकाने की घेराबंदी कर जब तलाशी ली वहां से कई चौंकाने वाली चीजें बरामद हुईं। एक देसी पिस्टल, बुलेटप्रूफ जैकेट जैसी पोशाक, धारदार चाकू, मोबाइल, टैब, ट्राइपॉड और वीडियो कैमरा आदि सामान पुलिस ने बरामद किए हैं।
आर्मी ट्रेनिंग के वीडियो व फोटो
अरसद के फोन से जंगलों में सैन्य अंदाज में ट्रेनिंग लेते हुए फोटो और वीडियो मिले हैं, जिससे किसी बड़ी साजिश की योजना का अंदेशा जताया जा रहा है। आरोपी के मोबाइल में कई ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं जिनमें दर्जनों पाकिस्तानी नंबर सक्रिय थे। इंस्टाग्राम पर जिहाद और भड़काऊ सामग्री वाले कई आपत्तिजनक पोस्ट भी पाए गए।
गर्लफ्रेंड भी थी नेटवर्क में शामिल
पूछताछ में अरसद ने स्वीकार किया कि उसकी दोस्त शाहीन भी इस पूरे खेल में बराबर की भागीदार थी। शाहीन के पास से मिले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में भी भड़काऊ सामग्री और आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जबकि संदिग्ध पाए गए चार अन्य लोगों को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। सतगावां थाने में आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट, आईटी एक्ट और यूएपीए के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

