
Ranchi : झारखंड में दो सीटों के लिए होने वाला राज्य सभा चुनाव दिलचस्प मोड़ अख्तियार करता जा रहा है। इन दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच का काम मंगलवार को चल रहा है। कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा और झामुमो के प्रत्याशी बैद्यनाथ राम का नामांकन पत्र स्क्रुटनी में सही पाया गया है। जबकि, भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीवार परिमल नथवानी के नामांकन पत्र पर तीन आपत्तियां की गई हैं। इसे लेकर कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा ने अधिकारियों से इसकी शिकायत की है। इसके बाद परिमल नथवानी का पर्चा होल्ड पर रख दिया गया है। इस संबंध में आयोग को भी सूचना दी गई है। परिमल नथवानी के पर्चे की गहन जांच चल रही है।
परिमल नथवानी से इन आपत्तियों को लेकर जवाब तलब किया गया है। उनसे कहा गया है कि बुधवार को सुबह 11 बजे तक आकर इन आपत्तियों का जवाब दें। परिमल नथवानी का जवाब आने के बाद उनके नामांकन को लेकर फैसला होगा। स्क्रुटनी की तारीख 10 जून तक के लिए बढ़ा दी गई है। जानकारों का कहना है कि परिमल नथवानी के पर्चे को लेकर जो भी आपत्तियां हैं वह बेहद मामूली हैं। इसलिए माना जा रहा है कि परिमल नथवानी का नामांकन बरकरार रहने की प्रबल संभावना है।
सूत्रों का कहना है कि परिमल नथवानी के नामांकन में जो तीन आपत्तियां की गई हैं, उनमें पहली उनके नाम की है। बताया जा रहा है कि नामांकन पत्र में परिमल नथवानी का नाम कहीं परिमल नथवानी लिखा गया है तो कहीं उनका नाम नथवानी परिमल लिखा गया है। जानकार इसे सामान्य गड़़बड़ी मानते हैं। कहा जा रह है कि इस गड़बड़ी से नामांकन पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ेगा। परिमल नथवानी के नामांकन में जो दूसरी आपत्ति है वह ये है कि उम्मीदवार के परिवार का एक कॉलम नामांकन पत्र से गायब है। इसे बड़ी गड़बड़ी माना गया है और इस पर जोर देते हुए ही प्रणव झा ने नामांकन में आपत्ति दर्ज कराई है। तीसरी आपत्ति यह है कि एक कालम में यह ब्योरा लिखना होता है कि उम्मीदवार को सजा मिली है। सजा मिली है तो कब मिली है। केस नंबर क्या है। अगर सजा नहीं मिली तो एक कॉलम को क्रास करना होता है। यह कॉलम क्रास नहीं किया गया है। इन आपत्तियों की वजह से परिमल नथवानी के नामांकन को होल्ड पर कर दिया गया है।

