Ranchi News : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी गुरुवार को क्यूरिस्टा अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा का हालचाल लिया। मंत्री ने अस्पताल की मेडिकल टीम को तत्काल बुलाकर इलाज की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि विमल के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि वे स्वयं इस पूरे उपचार को व्यक्तिगत रूप से मॉनिटर कर रहे हैं। जरूरत पड़ी तो देश-विदेश के सर्वश्रेष्ठ न्यूरो सर्जनों से विमल का इलाज कराया जाएगा, ताकि उन्हें जल्द से जल्द पूरी तरह से स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस होनहार खिलाड़ी के इलाज में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का पूरा स्वास्थ्य विभाग विमल लकड़ा के साथ खड़ा है और उनकी हर आवश्यकताओं का ध्यान रखा जा रहा है।
मंत्री इरफान अंसारी ने विमल को झारखंड और देश का गौरव बताया और कहा कि ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वे शीघ्र स्वस्थ होकर फिर से हॉकी मैदान में वापसी करें और देश के लिए गौरव बढ़ाएं।
Read Also: राजधानी रांची में बिना ट्रेड लाइसेंस के नहीं कर सकेंगे कारोबार, जानें क्या है वजह

