
Ranchi : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित री-नीट (यूजी) 2026 का परिणाम गुरुवार देर रात घोषित कर दिया गया। परिणाम जारी होते ही परीक्षार्थियों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल बन गया। राज्यभर के स्कूलों और कोचिंग संस्थानों ने अपने सफल विद्यार्थियों की सूची जारी करनी शुरू कर दी। इस वर्ष झारखंड में 99.977 पर्सेंटाइल के साथ सहर्ष कुमार गुप्ता स्टेट टॉपर बने हैं। उनका नाम ओबीसी (एनसीएल) की केंद्रीय सूची में शामिल है।
री-नीट 2026 में जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम), श्यामली के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के छात्र ज्ञानेन्द्र गर्व ने 720 में से 665 अंक प्राप्त करते हुए 99.9629481 पर्सेंटाइल हासिल की। उन्हें ऑल इंडिया रैंक (AIR) 676 तथा जनरल कैटेगरी रैंक 413 मिली। इसके अलावा मयंक कुमार ने AIR 3211, वैष्णवी राज ने AIR 3905 तथा सर्वजीत ने AIR 4271 प्राप्त कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
विद्यालय के प्राचार्य बीएन झा ने कहा कि जेवीएम श्यामली के विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित परीक्षा पेपर लीक के कारण रद्द होने से विद्यार्थियों को निराशा हुई थी, लेकिन री-नीट में उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर शानदार सफलता हासिल की है।
विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष एमएम दासगुप्ता ने कहा कि यह सफलता विद्यालय की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा, शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
परीक्षार्थियों के अनुसार इस बार री-नीट का प्रश्नपत्र पिछले वर्षों की तुलना में काफी कठिन था। विशेष रूप से रसायन विज्ञान और भौतिकी के प्रश्न चुनौतीपूर्ण रहे, जबकि जीवविज्ञान अपेक्षाकृत आसान था। कई प्रश्न जेईई मेन्स और एडवांस्ड स्तर के अनुरूप पूछे गए थे। रसायन विज्ञान का पेपर हल करने में सामान्य से अधिक समय लगा और विशेषज्ञों ने भी इसे हाल के वर्षों का सबसे कठिन प्रश्नपत्रों में से एक बताया।
कोल्हान में चमके जमशेदपुर के युवा, नेशनल टॉपर शांभवी को तीसरा स्थान

NEET 2026 Result : Farhan and Afra
इधर, कोल्हान क्षेत्र के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जमशेदपुर की अफरा इमाम ने ऑल इंडिया रैंक 1495 प्राप्त कर कोल्हान टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। धतकीडीह के मो. फरहान अहमद ने AIR 1941 के साथ दूसरा तथा आदित्यपुर की शांभवी तिवारी ने AIR 2804 के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों के एम्स जैसे प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में प्रवेश की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
बिष्टुपुर स्थित सेंट मेरीज इंग्लिश हाई स्कूल के छात्र मो. फरहान अहमद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, आकाश कोचिंग संस्थान के शिक्षकों और मित्रों को दिया। उनके पिता मो. मुश्ताक अहमद व्यवसायी हैं, जबकि माता नुसरत परवीन गृहिणी हैं।
आईएससी की पूर्व नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उनकी रैंक 1500 से 2000 के बीच आएगी, लेकिन परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। इसके बावजूद वह अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं और आगे मेडिकल क्षेत्र में बेहतर करने का संकल्प रखती हैं। उनके माता-पिता राकेश रमन और निभा सिन्हा ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताई।
री-नीट (यूजी) 2026 के परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि झारखंड के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। स्टेट टॉपर सहर्ष कुमार गुप्ता से लेकर जेवीएम श्यामली के मेधावी छात्रों और कोल्हान के अफरा इमाम, मो. फरहान अहमद तथा शांभवी तिवारी की सफलता ने पूरे राज्य का गौरव बढ़ाया है।

