
Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में सेफ्टी टैंक से महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर गुरुवार को खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मृतका के पति सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपनी पत्नी की हत्या कर शव को सेफ्टी टैंक में छिपाने की बात स्वीकार की है।
गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने बताया कि मंगलवार को सेफ्टी टैंक से बरामद महिला के शव की पहचान सोमवारी हेंब्रम के रूप में हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य प्रमाणों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान संदेह मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंट दिया। इसके बाद लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को घर के बगल में निर्माणाधीन मकान के पास बने सेफ्टी टैंक में फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से महज दो दिनों के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर लिया गया। आरोपी सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

