रांची : झारखंड सचिवालय सेवा संवर्ग के कैडर रिव्यू को लेकर गठित समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को होने जा रही है। इस बैठक में सचिवालय सेवा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। खास बात यह है कि पहली बार सचिवालय सेवा के दो पदाधिकारियों को भी बैठक में शामिल किया जा रहा है, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं और आवश्यकताओं को सीधे समिति के समक्ष रखा जा सके।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से गठित कैडर रिव्यू कमेटी सचिवालय सेवा संवर्ग की वर्तमान संरचना, पदों की आवश्यकता, पदोन्नति व्यवस्था और कार्यक्षमता बढ़ाने से जुड़े विषयों की समीक्षा कर रही है। समिति की अध्यक्षता सदस्य राजस्व पर्षद कर रहे हैं, जबकि कार्मिक, वित्त तथा राजस्व विभाग के सचिव इसके सदस्य हैं।
पदों के पुनर्गठन पर होगा विचार
बैठक में सचिवालय सेवा के विभिन्न कोटि के पदों की कार्य संरचना और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पदों के पुनर्गठन पर विचार होगा। इसके अलावा विभागों एवं निदेशालयों की प्रशाखाओं के पुनर्गठन, पदोन्नति के लिए समयसीमा तय करने और कार्यदक्षता बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी सहित विभिन्न स्तरों पर रिक्त पदों को भरने तथा पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। सचिवालय सेवा से प्राप्त सुझावों और अभ्यावेदनों पर भी समिति विचार करेगी।
बताया जा रहा है कि बैठक में सचिवालय सेवा के कर्मचारियों और पदाधिकारियों की लंबे समय से लंबित मांगों, पदानुक्रम में असंतुलन तथा कार्यभार के अनुरूप पद सृजन जैसे विषयों पर भी चर्चा हो सकती है। समिति को तीन माह के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है।
Read Also: Kushinagar : मदरसे में मिला मेड इन पाकिस्तान पंखा, जानें जांच में किस देश से जुड़ा निकला मामला

