
कोडरमा: रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा में शनिवार सुबह एक अनियंत्रित ट्रक का कहर दिखा। कोडरमा घाटी के दिबौर में सीमेंट लदे ट्रक ने दूसरे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी चालक ट्रक को नियंत्रित नहीं कर सका। इसने सड़क किनारे स्थित दो दुकानों को रौंदते हुए ध्वस्त कर दिया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसकी पहचान 40 वर्षीय कन्हाई सिंह के रूप में हुई है।
दुर्घटना स्थल पर लोगों ने बताया कि सीमेंट लदा ट्रक कोडरमा से बिहार की ओर जा रहा था। इस क्रम में दिबौर के समीप ढलान वाले स्थान पर यह पूर्णतः अनियंत्रित हो गया।
उस वक्त सामने से एक ट्रक आ रहा था। सीमेंट लदे ट्रक की इसके साथ जोरदार टक्कर हो गई। फिर ट्रक सड़क किनारे स्थित दो दुकानों में जा घुसा। दोनों दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर के साथ जोरदार आवाज हुई। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालात देख आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लेकिन हादसे के समय कन्हाई सिंह दुकान के अंदर सो रहे थे।
पैर पर गिरी दुकान की दीवार, जख्मी
जोरदार टक्कर के बाद दुकान की दीवार उनके पैर पर गिर गई, जिससे उनका पैर टूट गया। वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आसपास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है। ट्रक चालक सुखदेव महतो मधुपुर का रहने वाला है। हादसे में उसे भी चोट लगी है। उसका भी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पीड़ित दुकान मालिक सीताराम राणा के अनुसार ट्रक की टक्कर से उनकी तथा बगल में स्थित कारू साव की दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि दुकानों में रखा फ्रिज, काउंटर, रैक सहित खाद्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। उन्होंने करीब तीन लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही है। जबकि कारू साव को करीब दो लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। घायल चालक से पूछताछ की गई है। घटना की सूचना ट्रक मालिक को दे दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Read Also: Dhanbad News: भू-धंसान पीड़ितों से मिलने पहुंचे सांसद ढुलू महतो,महिलाओं ने किया विरोध

