
चाईबासा : पक्षिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत रोलाडीह-मागुंरदा में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल महासंग्राम प्रतियोगिता का मंगलवार को रोमांचक समापन हुआ। बेहद कड़े फाइनल मुकाबले में कोल्हान टाइगर चाईबासा ने बेनाम बादशाह चाईबासा को पेनल्टी शूटआउट में मात देकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।
पेनल्टी शूटआउट से निकला विजेता
फाइनल मुकाबले में कोल्हान टाइगर चाईबासा और बेनाम बादशाह चाईबासा की टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय की समाप्ति तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मैच शून्य-शून्य की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद विजेता का निर्णय पेनल्टी शूटआउट के जरिए किया गया, जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोल्हान टाइगर चाईबासा ने बेनाम बादशाह चाईबासा को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। बेनाम बादशाह को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
फाइनल मैच का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, फूलो जोंको एवं गंगाराम गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि ग्रामीण इलाकों के युवाओं के बीच फुटबॉल का जबरदस्त क्रेज है। इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का एक बेहतरीन मंच प्राप्त होता है। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुणों को भी तराशता है। उन्होंने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
विजेता टीमों पर हुई नकद पुरस्कारों की बौछार
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रथम स्थान विजेता कोल्हान टाइगर चाईबासा 2,00,000
द्वितीय स्थान उपविजेता बेनाम बादशाह चाईबासा 1,40,000
तृतीय स्थान यंग स्टार चांडिल – 75,000
चतुर्थ, पंचम एवं षष्ठम स्थान ₹25,000-₹25,000 प्रत्येक टीम को दिया गया।
आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका
इस तीन दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार तांती, सचिव मोटु महतो, उपसचिव गुरु चरण लोहार, उपाध्यक्ष द्वय डुबराय सवैया व अनिल कुमार सामाड, कोषाध्यक्ष श्रीधर महतो तथा उपकोषाध्यक्ष नंदलाल हांसदा व बिनोद महतो की मुख्य भूमिका रही।
इस अवसर पर संरक्षक मागुंरदा मुंडा बीरसिंह हांसदा, रोलाडीह मुंडा पोंडे सामाड सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।

