
चाईबासा : दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) चक्रधरपुर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की ‘मास्टर स्ट्रोक ऑल इंडिया आर्ट कॉम्पिटिशन’ में अपनी शानदार कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित देशव्यापी प्रतियोगिता में स्कूल के 104 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और रचनात्मकता के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रंगों के माध्यम से कैनवास पर विविध विषयों को जीवंत किया। बच्चों की चित्रकारी में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक संदेश और बाल सुलभ कल्पनाएं स्पष्ट रूप से नजर आईं।
कला शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण : प्रधानाचार्य
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविकांत शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी बाल कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि कला शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे न केवल उनकी रचनात्मकता और एकाग्रता बढ़ती है, बल्कि उनमें विश्लेषणात्मक सोच का भी विकास होता है। डीपीएस चक्रधरपुर के छात्र शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
ऐसी प्रतियोगिताएं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच : राजश्री
उप-प्रधानाचार्य राजश्री कुमारी ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच और अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी 104 प्रतिभागियों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 104 प्रतिभागियों को स्कूल प्रशासन की ओर से प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) देकर सम्मानित किया जाएगा।

