NEW DELHI: उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक मकान से 35 वर्षीय मोहम्मद इदरीश का सड़ा गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मोहम्मद इदरीश यहां किराये पर रहता था और बीते कुछ दिनों से कमरे का दरवाजा बंद था। जिसके बाद पड़ोसियों ने कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी।
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि रविवार दोपहर न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के ई-75, तीसरा पुश्ता स्थित मकान से दुर्गंध आने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जहां फर्श पर मोहम्मद इदरीश का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर पुलिस को संदेह है कि इदरीश की मौत कुछ दिन पहले हो चुकी है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है, ताकि मौत का सही कारण और समय का पता लगाया जा सके। क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य और सुराग इकट्ठा कर लिए हैं। पुलिस आसपास के लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी अहम कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पुलिस सभी संभावित एंगल से जांच कर रही है, जिसमें हत्या की आशंका से लेकर बीमारी और किसी अन्य कारण से मौत की संभावना भी शामिल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

