पलामू । पलामू के नए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को पदभार ग्रहण संभाला। आईएएस समीरा एस ने उन्होंने प्रभार सौंपा। मौके पर समाहरणालय में छोटा सा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समीरा एस ने फूलों का गुलदस्ता भेंटकर उनका स्वागत किया।
2019 बैच के अधिकारी हैं दिलीप प्रताप सिंह शेखावत
दिलीप प्रताप सिंह शेखावत भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2019 बैच के अधिकारी हैं। इससे पहले वे लोहरदगा में बतौर उपविकास आयुक्त कार्यरत थे। इस मौके पर मुख्य रूप से निवर्तमान उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।
पदभार ग्रहण के बाद उपायुक्त ने अधिकारी एवं कार्यालय कर्मियों से परिचय प्राप्त किया। सभी से टीम भावना से कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतार कर गांव के अंतिम व्यक्ति तक इसका लाभ देना उनका लक्ष्य होगा।
विकास में सभी से सहयोग करने की अपील
पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने कहा कि जिले में विधि व्यवस्था संधारण के लिए हर स्तर पर कार्य किया जाएगा। सभी जवाबदेह अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करें। आम लोगों से संपर्क कर समस्याओं से रूबरू होना और उनका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की।
मौके पर निवर्तमान उपायुक्त समीरा एस ने कहा कि पलामू में टीम भावना के साथ कार्य करने की कोशिश की। योजनाओं का लाभ आमजनों को सुलभता से मिले इसके लिए हर संभव प्रयास किया। विकास कार्यों में आमजनों के साथ-साथ, पदाधिकारी और मीडिया का भी काफी सहयोग मिला। उन्होंने सभी से जिले के चहुंमुखी विकास में वर्तमान उपायुक्त को भी सहयोग करने की उम्मीद जताई।

