
धनबाद: कोल इंडिया की महाप्रबंधक रेखा पांडेय अब महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड MCL की नई डायरेक्टर (पर्सनल) होंगी। सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड पीईएसबी ने उनके नाम की सिफारिश भेज दी है। काफी लंबे समय के बाद किसी महिला अधिकारी को कोल इंडिया में इस उच्च पद (निदेशक) के लिए चुना गया है। रेखा पांडेय अभी कोल इंडिया लिमिटेड में मानव संसाधन और सीएसआर विभाग की कमान संभाल रही हैं।
इस पद के लिए मंगलवार को एक विशेष चयन बैठक बुलाई गई थी। इंटरव्यू के इस राउंड में देश भर से कुल 11 सीनियर अधिकारियों ने हिस्सा लिया था।
इसमें कोल इंडिया के कई दिग्गज अधिकारी शामिल थे, जिनमें रथिन मित्रा, राजेश वी नायर और सुरापुरेड्डी वेंकट रविंद्रनाथ (कोल इंडिया), SECL से सुवंकर परिडा और अजय बेहरा, सीसीएल से जोबी वी पी आदि थे। इंटरव्यू के बाद बोर्ड ने रेखा पांडेय के नाम पर नुहर लगा दी।
पीईएसबी से हरी झंडी मिलने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग और कोयला मंत्रालय की ओर से औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इन सभी सरकारी विभागों से मंजूरी मिलने के बाद ही रेखा पांडेय की ज्वाइनिंग का लेटर जारी किया जाएगा।

