
Jamshedpur : जमशेदपुर के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बिष्टुपुर थाना में दर्ज इस मामले में गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने फरार चल रहे दो आरोपियों राघवेंद्र कुमार उर्फ रविंद्र उर्फ घेरे और गणेश मछुवा को बुधवार को जेल भेज दिया है। राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाने में सरेंडर किया। जबकि, गणेश मछुआ को छापेमारी में गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना के बाद फरार होने और छिपने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी (JH05EH6474) भी बरामद की है। बता दे कि भाजपा नेता नीरज सिंह के डीडी बार एंड कैफै के सामने हुए इस हत्याकांड के बाद पुलिस की खूब छीछालेदर हुई थी। यह हत्याकांड पुलिस के सामने हुआ था। इसलिए हिमांशु के साथ ही हत्यारोपियों ने कानून-व्यवस्था की भी हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार 27 जून की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के सामने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर हिमांशु सिंह को मौत के घाट उतार दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
जांच के दौरान अब तक इस मामले में प्राथमिकी और अप्राथमिकी समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी थी। इसी क्रम में राघवेंद्र कुमार उर्फ घेरे ने थाने में सरेंडर कर दिया और गणेश मछुवा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गणेश मछुवा ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेंद्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस ने बताया कि गणेश मछुवा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, तकनीकी शाखा और विशेष छापामारटीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गौरतलब है कि भाजपा नेता नीरज सिंह और उसके बार के मैनेजर विजय समेत कई अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
Read also Ranchi News : केपटाउन में होने वाले 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन पर झारखंड विधानसभा में मंथन

