Home » Ranchi SSP: आधी रात में औचक निरीक्षण करने थाना पहुंचे एसएसपी, प्रभारी थे गायब, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस

Ranchi SSP: आधी रात में औचक निरीक्षण करने थाना पहुंचे एसएसपी, प्रभारी थे गायब, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस

SSP राकेश रंजन आधी रात राजधानी Ranchi की सड़कों पर उतरे, थानों का औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्यूटी में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रात में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन मंगलवार देर रात करीब एक बजे अचानक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर निकल पड़े। इस क्रम में कई थानों का भी औचक निरीक्षण किया। ड्यूटी के दौरान गायब रहने वाले लापरवाह अधिकारियों को उन्होंने शो कॉज किया है। SSP की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। जबकि शहरवासियों ने इस पहल की सराहना की है।

थाना प्रभारी और ओडी इंचार्ज दोनों मिले गायब

SSP ने राजधानी रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों, पुलिस चेकिंग प्वाइंट और रात्रि गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में एसएसपी सबसे पहले हिंदपीढ़ी थाना पहुंचे। यहां थाना प्रभारी और ओडी प्रभारी दोनों ड्यूटी से गायब मिले।

इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहना बड़ी अनुशासनहीनता है जिसे स्वीकार नहीं की जाएगी।

अरगोड़ा थाना का मेन गेट था बंद

वहां से निकलने पर एसएसपी अरगोड़ा थाना पहुंचे। यहां का नजारा देख वे चकित रह गए। यहां का मेन गेट बंद था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना परिसर आम नागरिकों के लिए 24 घंटे खुला रहना चाहिए, ताकि किसी भी समय शिकायत या सहायता के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली या रसूखदार क्यों न हो, उसके खिलाफ बिना किसी दबाव, पक्षपात या भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजधानी के नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

ड्यूटी रिकॉर्ड का भी किया निरीक्षण

रात्रि निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने बिरसा चौक, मेन रोड, एकरा मस्जिद, हरमू बाइपास, अरगोड़ा चौक सहित कई संवेदनशील स्थानों का भी दौरा किया। वहां तैनात पुलिस बल की गतिविधियों, नाकेबंदी, वाहन जांच अभियान और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी ली तथा चेकिंग रजिस्टर और ड्यूटी रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया।

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि रात के समय संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीसीआर वाहन और टाइगर मोबाइल की नियमित गश्त को और प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया।

मुस्तैद जवानों को किया उत्साहवर्धन

इस क्रम में उन्होंने ड्यूटी के प्रति पूरी ईमानदारी, अनुशासन और मुस्तैदी से कार्य कर रहे पुलिसकर्मियों की सराहना की। उनसे हालचाल लिया और उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया कि वे हर समय अलर्ट रहें। आम जनता की हरसंभव सहायता करें तथा रात के समय शांति भंग करने या उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Read Also: Jamshedpur Crime News: क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस ने कसी कमर,  रात 10:30 बजे तक बंद  होंगी दुकानें 

Related Articles

Leave a Comment