Home » Ranchi Accident: एक तो आधी रात, ऊपर से सड़क के गड्ढे में भरा पानी, अनियंत्रित हो मकान में जा घुसा ट्रक

Ranchi Accident: एक तो आधी रात, ऊपर से सड़क के गड्ढे में भरा पानी, अनियंत्रित हो मकान में जा घुसा ट्रक

रांची से बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले भारी वाहन चालक ओरमांझी व हजारीबाग रूट के लगभग 1110 रुपये का टोल टैक्स बचाने के लिए अपना रहे शॉर्टकट

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

​​रांची : जिले के बुढ़मू-ठाकुरगांव मार्ग स्थित चापाटोली गांव में मंगलवार की आधी रात एक दर्दनाक हादसा टल गया। सड़क के बीच बने एक गहरे गड्ढे के कारण तेज रफ्तार ट्रक पूरी तरह अनियंत्रित हो गया। बेकाबू हुआ यह वाहन सीधे सड़क किनारे बने एक मकान की दीवार और खिड़की को तोड़ता हुआ अंदर जा घुसा। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जेएच02एएक्स-5347 ठाकुरगांव से बुढ़मू की तरफ बढ़ रहा था। रास्ते में स्थानीय निवासी अनुज कुशवाहा के घर के पास सड़क के ठीक बीचों-बीच एक बड़ा गड्ढा मौजूद था। लगातार बारिश की वजह से गड्ढे में पानी लबालब भरा हुआ था।

रात के अंधेरे में चालक पानी से भरे इस गड्ढे की गहराई का सटीक अंदाजा नहीं लगा सका। जैसे ही भारी-भरकम ट्रक का पहिया उसमें पड़ा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे घर से जा टकराई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और मौके पर एकत्र हो गए।

सड़क की दुर्दशा का मुख्य कारण बड़े वाहनों का दबाव

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सड़क की दुर्दशा का मुख्य कारण बड़े कमर्शियल वाहनों का भारी दबाव है। रांची से बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले भारी वाहन चालक ओरमांझी व हजारीबाग रूट के लगभग 1110 रुपये का टोल टैक्स बचाने का शॉर्टकट अपना रहे हैं। वे टोल से बचने के लिए इसी अंदरूनी मार्ग का बेधड़क इस्तेमाल कर रहे हैं।

अत्यधिक दबाव के कारण यह पूरी सड़क जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए और भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त पाबंदी लगाई जाए।

Read Also: News : आत्महत्या की रोकथाम के लिए संकट से पहले मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान जरूरी 

 

 

Related Articles

Leave a Comment