RANCHI: पर्व-त्योहारों के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम और सुखदेव नगर थाना पुलिस ने मधुकम स्थित एक खाद्य कारोबारी की यूनिट पर छापेमारी की।
जांच के दौरान वहां से 42 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी घी पाया गया। जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। साथ ही वहां पाए गए वनस्पति घी और अन्य सामग्री के नमूने भी सील कर जांच के लिए लैब भेजा गया। इस प्रतिष्ठान का संचालन बिना लाइसेंस के किया जा रहा था। तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान को बंद करने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई प्रतिष्ठानों में की गई जांच
इसी अभियान के तहत रातू रोड और पिस्का मोड़ क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण किया। कावेरी रेस्टोरेंट, भोला मिष्ठान भंडार, बीकानेर स्वीट्स और छप्पन भोग जैसे प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और लाइसेंस की जांच की गई। सभी प्रतिष्ठानों को सख्त हिदायत दी गई कि वे एफएसएसएआई लाइसेंस को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। सभी फूड हैंडलर्स का मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट तैयार रखें। इसके अलावा कार्यस्थल की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही कहा कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराया जाए।
जारी रहेगा छापेमारी अभियान
अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) की निगरानी में यह विशेष अभियान त्योहारों के समापन तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन को त्योहारों के दौरान शुद्ध और मिलावट रहित खाद्य सामग्री मिले। जिससे उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही ये स्पष्ट कर दिया गया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले या बिना वैध लाइसेंस के खाद्य व्यवसाय करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
READ ALSO: RANCHI NEWS: रांची के विभिन्न अंचलों में लगा जनता दरबार, जानें कैसे मामलों का हुआ निपटारा

