RANCHI: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासक सुशांत गौरव ने गुरुवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलाशयों में गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान स्वर्णरेखा घाट, तेतरी टोली (नामकुम), बनस तालाब और नायक तालाब का भ्रमण किया। प्रशासक ने साफ-सफाई, लाइटिंग, घाटों की संरचना, सुरक्षा इंतजाम और पहुंच मार्ग की स्थिति की समीक्षा की।
प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी घाटों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, कचरा निस्तारण और उचित लाइट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जलाशयों के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी अनिवार्य रूप से की जाए ताकि कोई हादसा न हो। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया, जिसमें टूटी सीढ़ियों की मरम्मती, मिट्टी से समतलीकरण और अस्थायी घाटों का विस्तार शामिल है।
जलाशयों के आसपास न हो अतिक्रमण
प्रशासक ने जलाशयों के आस-पास अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही। अतिक्रमण हटाने के लिए डेडिकेटेड टीम गठित कर सख्त निगरानी के आदेश दिए गए। प्रशासक ने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता में सहयोग करें और प्लास्टिक की बजाय पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करें। जलाशयों में किसी भी प्रकार का अपशिष्ट प्रवाहित न करें।

